नई दिल्ली, 10 नवम्बर (अशोक “अश्क”) देश में सुरक्षा एजेंसियों की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से एक बड़ी आतंकी वारदात टल गई। एक ओर गुजरात एटीएस ने देश में रासायनिक हमले की खतरनाक साजिश का पर्दाफाश किया, वहीं जम्मू-कश्मीर पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से एक डॉक्टर को गिरफ्तार किया। अब उस डॉक्टर से जुड़े एक व्यक्ति के फरीदाबाद स्थित घर से 350 किलो अमोनियम नाइट्रेट बरामद हुआ है, जिसका इस्तेमाल विस्फोटक बनाने में किया जाता है।

गुजरात एटीएस ने रविवार को बताया कि उसने देश में रासायनिक हमले की साजिश रचने वाले तीन आतंकियों को गिरफ्तार किया है। ये आतंकी ‘राइसिन’ नामक घातक जहर तैयार करने की कोशिश कर रहे थे, जो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिबंधित रासायनिक हथियारों की सूची में शामिल है। गिरफ्तार आरोपियों में से एक डॉक्टर है, जिसने चीन से मेडिकल की पढ़ाई की है।
आरोपियों की पहचान डॉ. अहमद मोहियुद्दीन सैयद (35, हैदराबाद निवासी), आजाद सुलेमान शेख (20, शामली, यूपी) और सुहैल मोहम्मद सलीम खान (23, लखीमपुर, यूपी) के रूप में हुई है। एटीएस ने इनके पास से तीन पिस्टल, 30 जिंदा कारतूस और चार लीटर अरंडी का तेल बरामद किया।
गुजरात एटीएस के डीआईजी सुनील जोशी ने बताया कि डिप्टी एसपी एल. चौधरी को खुफिया इनपुट मिला था कि अहमद मोहियुद्दीन सैयद नामक व्यक्ति आतंकी हमले की साजिश के तहत अहमदाबाद पहुंचा है। सूचना के आधार पर एटीएस टीम ने एसपी के सिद्धार्थ के नेतृत्व में अहमदाबाद-मेहसाणा रोड पर अदलाज टोल प्लाजा के पास उसे पकड़ा। उसकी कार से दो ग्लोक पिस्टल, एक बेरेटा पिस्टल और कई लीटर अरंडी का तेल बरामद किया गया। पूछताछ में आरोपी ने देश में आतंकी हमला करने की साजिश की बात कबूल की।

