नई दिल्ली, 12 नवम्बर (अशोक “अश्क”) बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र 12 नवंबर की सुबह अपने घर लौट आए, जिससे उनके फैंस ने राहत की सांस ली। पिछले तीन दिनों से उनके स्वास्थ्य को लेकर सोशल मीडिया पर कई तरह की खबरें फैल रही थीं, जिससे फैंस चिंतित थे।
धर्मेंद्र के घर पहुंचने के बाद से ही चाहने वालों और फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े लोगों का तांता लगा हुआ है। लोग लगातार उनके स्वास्थ्य की जानकारी लेने के लिए घर आ रहे हैं। इसी बीच, मशहूर डायरेक्टर और धर्मेंद्र के रिश्तेदार गुड्डू धनुआ भी उनसे मिलने पहुंचे।

मुलाकात के बाद गुड्डू धनुआ ने मीडिया से बात की और फैंस को भरोसा दिलाया कि धर्मेंद्र अब पूरी तरह ठीक हैं और उनकी तबीयत में लगातार सुधार हो रहा है। उन्होंने कहा, “धरम जी अब ठीक हैं और पहले से बेहतर महसूस कर रहे हैं। वे घरवालों के साथ हैं और सभी लोग उनका पूरा ख्याल रख रहे हैं।”
हालांकि जब पत्रकारों ने उनसे पूछा कि धर्मेंद्र को आखिर क्या परेशानी हुई थी, जिसके चलते उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, तो गुड्डू धनुआ ने इस सवाल पर कोई जवाब नहीं दिया और वहां से निकल गए।
बता दें कि 88 वर्षीय धर्मेंद्र हिंदी सिनेमा के सबसे प्रिय अभिनेताओं में से एक हैं और हाल ही में वे फिल्म रॉकी और रानी की प्रेम कहानी में नजर आए थे। उनके स्वस्थ होने की खबर से फैंस और इंडस्ट्री दोनों में खुशी की लहर दौड़ गई है।

