समस्तीपुर, 6 अक्तूबर (समस्तीपुर डेस्क) चकलालशाही-ताजपुर फोरलेन पर सोमवार सुबह तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से एक बाइक सवार युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान मो. निराले (25) के रूप में हुई है, जो दलसिंहसराय थाना क्षेत्र के कामराव गांव का निवासी था।

बताया गया कि निराले अपने फुफेरे भाई मो. रहमान के साथ बहन से मिलकर कुवारी से घर लौट रहा था, तभी हरपुर भिंडी ब्रह्मस्थान के पास उनकी बाइक डिवाइडर से टकरा गई। उसी दौरान किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे बाइक के परखच्चे उड़ गए।
राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। घायल रहमान को पटना रेफर किया गया, लेकिन परिजनों ने उसे बेगूसराय में भर्ती कराया।
गौरतलब है कि एक सप्ताह में इस फोरलेन पर यह तीसरी मौत है, जिससे स्थानीय लोग बेहद चिंतित हैं।

