पटना, 28 अक्तूबर (पटना डेस्क) छठ महापर्व के बाद बिहार का मौसम एक बार फिर बदलने वाला है। बंगाल की खाड़ी में बन रहा चक्रवाती तूफान ‘मोंथा (Montha)’ अब राज्य की ओर बढ़ रहा है। मौसम विभाग (IMD) ने चेतावनी जारी की है कि 30 और 31 अक्टूबर को बिहार के कई हिस्सों में भारी से अति भारी वर्षा हो सकती है।

आईएमडी के अनुसार, चक्रवात के कमजोर पड़ने के बाद यह प्रणाली छत्तीसगढ़ और ओडिशा होते हुए 30 अक्टूबर तक झारखंड और बिहार पहुंचेगी। इस दौरान राज्य के दक्षिणी और उत्तरी जिलों में मूसलाधार बारिश के साथ तेज हवाएं और वज्रपात की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग ने लोगों से सावधानी बरतने, खुले स्थानों पर जाने से बचने और बिजली गिरने की आशंका वाले इलाकों में सतर्क रहने की अपील की है। अगर पूर्वानुमान सही साबित होता है, तो बिहार में कई जगहों पर सामान्य जनजीवन प्रभावित हो सकता है।

