शेखपुरा, 27 अक्तूबर (राजेश कुमार झा) लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के अवसर पर जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं को स्वच्छ और पवित्र वातावरण प्रदान करने के लिए एक सराहनीय पहल की है। जिला पदाधिकारी के निर्देशानुसार ‘लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान’ के तहत जिले के सभी छठ घाटों पर व्यापक सफाई अभियान चलाया गया।

छठ पर्व के दौरान नदियों, तालाबों और जलाशयों पर सूर्य को अर्घ्य देने की परंपरा में स्वच्छता का विशेष महत्व होता है। इसी को ध्यान में रखते हुए स्वच्छता कर्मी, पर्यवेक्षक और स्थानीय समुदाय के लोग मिलकर विभिन्न पंचायतों के घाटों की सफाई में जुटे रहे।
सफाई अभियान के दौरान जन समुदाय को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया और उन्हें पर्व की पवित्रता बनाए रखने का संकल्प दिलाया गया। इस वर्ष प्रशासन ने छठ पूजा को ‘स्वच्छ एवं हरित’ बनाने पर जोर दिया है, जिससे यह पहल एक जन आंदोलन का रूप ले रही है। प्रशासन के इस प्रयास से व्रतियों और श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुंदर और आध्यात्मिक वातावरण मिलेगा, जिससे उनकी आस्था और श्रद्धा और अधिक प्रगाढ़ होगी।
जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे घाटों और उनके आसपास स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें, ताकि यह पर्व स्वच्छता और आस्था की मिसाल बन सके।

