बक्सर, 23 अक्तूबर (विक्रांत) लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर चौसा नगर पंचायत प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। गुरुवार को मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी श्रीमती रानी कुमारी, थाना अध्यक्ष श्री शंभु भगत और मुख्य पार्षद प्रतिनिधि डॉ. मनोज कुमार यादव ने संयुक्त रूप से विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया। निरीक्षण दल ने चौसा बाजार घाट, मल्लाह टोली घाट, पांडे घाट सहित अन्य प्रमुख स्थलों की सफाई, प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा की।

कार्यपालक पदाधिकारी रानी कुमारी ने कहा कि व्रतियों को किसी भी असुविधा का सामना न करना पड़े, इसके लिए घाटों की सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति, बैरिकेडिंग और जल निकासी की विशेष व्यवस्था की जा रही है। सभी कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरे करने के निर्देश दिए गए हैं।

मुख्य पार्षद प्रतिनिधि डॉ. यादव ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अस्थायी शौचालय, चिकित्सा शिविर और स्वच्छता कर्मियों की तैनाती की जाएगी। वहीं, थाना अध्यक्ष शंभु भगत ने कहा कि पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था और यातायात नियंत्रण के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा।
निरीक्षण के दौरान नगर पंचायत कर्मियों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों ने शांतिपूर्ण व सफल आयोजन की प्रतिबद्धता जताई।

