समस्तीपुर, 23 अक्तूबर (समस्तीपुर डेस्क) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 24 अक्टूबर को प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने गुरुवार को केंद्रीय शिक्षा मंत्री व बिहार भाजपा के चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान, केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय और जेडीयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा समस्तीपुर पहुंचे। तीनों नेताओं ने दुधपुरा और कर्पूरी ग्राम में सभा स्थल का निरीक्षण किया और एनडीए नेताओं संग बैठक कर कार्यक्रम को सफल बनाने का आह्वान किया।

धर्मेंद्र प्रधान ने कहा, “पूरे देश में एक ही जननायक हैं कर्पूरी ठाकुर। कुछ लोग उनकी विरासत छीनने की कोशिश कर रहे हैं, उन्हें माफी मांगनी चाहिए।” उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री बिहार में अपनी चुनावी सभाओं की शुरुआत कर्पूरी ठाकुर की धरती से करेंगे।
प्रधान ने कहा कि प्रधानमंत्री विकसित भारत के निर्माण के लिए जनता का आशीर्वाद लेंगे। विपक्ष पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि “परिवारवाद में उलझे लोग विकास नहीं देखना चाहते।” जेडीयू नेता संजय झा ने कहा कि मोदी का यह दौरा चुनावी माहौल को नई दिशा देगा।

