पटना, 13 अक्तूबर (पटना डेस्क) बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की तैयारी में जुटी जन सुराज पार्टी ने सोमवार को 65 उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी कर दी। बेली रोड स्थित शेखपुरा हाउस में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय सिंह और प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती ने सूची जारी की। इस दौरान पार्टी सूत्रधार प्रशांत किशोर, मोनाजिर हसन, बसंत चौधरी समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

प्रशांत किशोर ने भागलपुर से वरिष्ठ अधिवक्ता अमरकांत झा की उम्मीदवारी की घोषणा की। उन्होंने बताया कि अमरकांत झा ने भागलपुर दंगों के पीड़ितों के पुनर्वास में अहम भूमिका निभाई थी। साथ ही पूर्व मंत्री और बीजेपी के वरिष्ठ नेता रामचंद्र सहनी के पार्टी में शामिल होने की भी जानकारी दी।
उदय सिंह ने लालू परिवार पर चार्जशीट दाखिल होने का हवाला देते हुए कहा कि जन सुराज योग्य, ईमानदार और समाजसेवी उम्मीदवारों को तरजीह दे रही है।

प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती ने बताया कि 65 सीटों में 19 सुरक्षित और 46 सामान्य सीटें हैं। इनमें 14 अति पिछड़ा वर्ग, 14 मुस्लिम, 10 ओबीसी, 11 सामान्य वर्ग और एक एससी उम्मीदवार को सामान्य सीट से उतारा गया है।
प्रमुख उम्मीदवारों में नौतन से संतोष चौधरी, नरकटिया से लालबाबू यादव, हरनौत से कमलेश पासवान, बक्सर से तथागत हर्षवर्धन, कटिहार से डॉ. गाजी शारिक, तारापुर से डॉ. संतोष सिंह सहित कई नाम शामिल हैं।

