गोपालगंज, 02 नवम्बर (निज संवाददाता) जिले में छह विधानसभा में 6 नवंबर को होने वाले चुनाव को शांतिपूर्ण व निष्पक्ष रूप से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी पवन कुमार सिन्हा ने बताया कि जिले के चार प्रत्याशियों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। इसके लिए एक स्पेशल विजिलेंस टीम गठित की गई है,जो इन प्रत्याशियों की हर गतिविधि पर पैनी नजर रखेगी।

निगरानी की नजर में शामिल प्रत्याशी कुचायकोट विधानसभा क्षेत्र से जदयू के अमरेंद्र कुमार पांडे उर्फ पप्पू पांडे व उसी विधानसभा के कांग्रेस प्रत्याशी हरिनारायण प्रसाद,
जबकि बैकुंठपुर विधानसभा क्षेत्र से राजद प्रत्याशी प्रेमशंकर यादव और भाजपा प्रत्याशी मिथिलेश कुमार तिवारी पर भी विशेष निगरानी के लिए टीम गठित की गई है।
टीम की संरचना और जिम्मेदारी
प्रत्येक प्रत्याशी के साथ एक दंडाधिकारी,एक पुलिस पदाधिकारी,एक वीडियोग्राफी टीम और एक विशेष वाहन तैनात रहेगा। यह टीम प्रत्याशियों की गतिविधियों की पल-पल की रिपोर्ट प्रशासन को देगी ताकि किसी भी तरह की गड़बड़ी,अशांति या आचार संहिता उल्लंघन की संभावना को रोका जा सके। डीएम सिन्हा ने कहा कि प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और जिले में शांतिपूर्ण चुनावी माहौल बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी रख रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की अनुशासनहीनता या नियमों के उल्लंघन पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
-पारदर्शिता व निष्पक्षता पर फोकस
प्रशासन की सख्ती से अब चुनावी गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने की तैयारी पूरी कर ली गई है। बता दें कि मोकामा चुनाव के दौरान हुई घटना के बाद चुनाव आयोग काफी सख्त रुख अपनाते हुए। ऐसे प्रत्याशियों पर कड़ी निगरानी रख रही है।

