
पटना, 14 जनवरी (पटना डेस्क) आजमगढ़ जिला कारागार के सरकारी खाते से 52.85 लाख रुपये की बड़ी वित्तीय धोखाधड़ी के मामले में आजमगढ़ पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए संगठित गिरोह से जुड़े छह अभियुक्तों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। यह कार्रवाई जिलाधिकारी आजमगढ़ और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार की संयुक्त बैठक में अनुमोदन के बाद की गई।मामला 10 अक्टूबर 2025 को सामने आया, जब वरिष्ठ अधीक्षक जिला कारागार आदित्य सिंह ने कोतवाली थाने में प्रार्थना पत्र दिया।

आरोप है कि अभियुक्तों ने आपसी मिलीभगत से कारागार कार्यालय की चेकबुक पर जेलर के फर्जी हस्ताक्षर कर विभिन्न तिथियों में सरकारी खाते से 52,85,000 रुपये की अवैध निकासी कर गबन किया।इस संबंध में कोतवाली थाने में मु0अ0सं0 516/25 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान गिरोह के अन्य सदस्यों के नाम भी उजागर हुए। जांच में यह भी पाया गया कि गबन की रकम से खरीदी गई बुलेट और स्प्लेंडर मोटरसाइकिल को जब्त किया गया है।

पुलिस जांच में अपराध के संगठित स्वरूप की पुष्टि होने पर गैंगचार्ट तैयार कर गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि सरकारी धन की लूट और भ्रष्टाचार पर कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

