
समस्तीपुर, 07 जनवरी (समस्तीपुर डेस्क) समस्तीपुर पुलिस ने प्रॉपर्टी डीलर विजय गुप्ता और टोटो चालक हहैत्याकांड के मुख्य शूटर को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान कल्याणपुर थाना क्षेत्र के रामपुरा वार्ड-11 निवासी अर्जुन पासवान के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से एक पिस्तौल और दस जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।

सदर डीएसपी-2 संजय कुमार ने बताया कि वर्ष 2025 में मुक्तापुर के पास जमीन देखने पहुंचे प्रॉपर्टी डीलर विजय गुप्ता की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के दौरान शोर मचाने पर टोटो चालक को भी गोली मार दी गई थी। इस दोहरे हत्याकांड को अंजाम देने के लिए पांच लाख रुपये की सुपारी दी गई थी।वारदात के बाद से ही अर्जुन फरार चल रहा था। पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि वह रामपुर बांध के पास आम की गाछी में छिपा है।

सूचना पर छापेमारी की गई, जहां उसका एक साथी भागने में सफल रहा, जबकि अर्जुन को दबोच लिया गया।पूछताछ में अर्जुन ने कबूल किया कि जमीन कारोबारी सुधीर मधान ने हत्या की सुपारी दी थी। इस मामले में सुधीर मधान सहित चार आरोपियों को जेल भेजा गया है।

