बक्सर, 23 सितंबर (विक्रांत) वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय की अंगीभूत इकाई, डुमरांव स्थित डी.के. कॉलेज में मंगलवार को कॉलेज शिक्षक संघ के सौजन्य से एक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में कॉलेज की प्रथम महिला प्राचार्या प्रो. वीणा कुमारी को सम्मानित किया गया। यह आयोजन कॉलेज के सभागार में किया गया, जिसकी अध्यक्षता हिंदी विभागाध्यक्ष डॉ. उषा रानी ने की।

समारोह में पूर्व प्राचार्य राजू मोची, डॉ. अब्दुल कैश और प्रो. अरबाब खां द्वारा प्राचार्या को प्रतीक चिह्न, पुष्पगुच्छ और अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में कॉलेज के शिक्षक डॉ. रमेश यादव, डॉ. पूनम मौर्य, पीटीआई अजीत कुमार सिंह, डॉ. मनोद सिंह, डॉ. दीव्या कुमारी, डॉ. रूचि बाला, डॉ. फैसल, डॉ. फिरदौस सहित कई अन्य शिक्षक व शिक्षकेत्तर कर्मचारी शामिल हुए।

वक्ताओं ने प्रो. वीणा कुमारी की प्रशासनिक दक्षता और कार्य संस्कृति की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि वर्ष 1957 में स्थापित इस कॉलेज में पहली बार महिला प्राचार्य की नियुक्ति से संस्थान में सकारात्मक बदलाव की उम्मीदें जागी हैं। कई शिक्षकों ने कविता और नज्म के माध्यम से प्राचार्या को सम्मानित किया।
प्राचार्या ने समारोह के लिए शिक्षक संघ का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे पठन-पाठन व्यवस्था में सुधार लाकर कॉलेज को नई दिशा देने के लिए प्रतिबद्ध हैं। समारोह का संचालन प्रो. अब्दुल कैश ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन पूर्व प्राचार्य ने दिया।
इस अवसर पर छात्राओं द्वारा स्वागत गीत भी प्रस्तुत किया गया। साथ ही कॉलेज की पहली महिला प्रधान सहायक के रूप में अर्चना कुमारी सिन्हा की पदोन्नति पर छात्राओं में उत्साह देखा गया। छात्राओं ने कहा कि महिला सहायक होने से संवाद करना आसान होता है।

