बक्सर, 26 सितंबर (विक्रांत) डुमरांव अनुमंडल के नागरिकों के लिए राहत भरी खबर है। लंबे इंतजार के बाद अनुमंडलीय व्यवहार न्यायालय भवन निर्माण के लिए जमीन की तलाश पूरी हो गई है। अनुमंडल प्रशासन ने नया भोजपुर (भोजपुर कदीम) के पास लाठ मौजा में अनाबाद सर्वसाधारण किस्म की जमीन चिह्नित की है, जहां न्यायालय के साथ-साथ न्यायिक अधिकारियों के आवास और अधिवक्ता भवन का निर्माण प्रस्तावित है।

प्रस्तावित भूमि की सीमाएं उत्तर में एनएच-922, दक्षिण में खेसरा 3057 एवं 3060, पूरब और पश्चिम में निज जमीनों से घिरी हुई हैं। इस जमीन का हस्तांतरण प्रक्रिया प्रशासनिक स्तर पर शुरू हो चुकी है। नगर परिषद कार्यपालक पदाधिकारी ने पत्रांक-1572 के माध्यम से अनापत्ति प्रमाण पत्र भी जारी कर दिया है, जिससे प्रक्रिया को और गति मिली है।
गौरतलब है कि पांच वर्ष पूर्व पशुपालन विभाग की 6 एकड़ जमीन पर न्यायालय भवन निर्माण का प्रस्ताव था, जिसे विधि विभाग ने अस्वीकार कर दिया था। इसके बाद जमीन की तलाश प्रशासन के लिए चुनौती बन गई थी।
अब जो जमीन चिह्नित हुई है, उसमें आंशिक हिस्सा अनाबाद सर्वसाधारण और अधिकांश हिस्सा रैयती है। विधि विभाग को कुल लगभग 6 एकड़ जमीन की आवश्यकता है। शेष रैयती जमीन के भू-अर्जन को लेकर अधिसूचना की तैयारी की जा रही है।
विधि विभाग द्वारा व्यवहार न्यायालय के लिए दो मंजिला, दस कक्षीय भवन निर्माण का प्रस्ताव भी तैयार किया गया है। इससे डुमरांव क्षेत्र के नागरिकों को शीघ्र ही न्यायिक सुविधाएं सुलभ हो सकेंगी।

