
समस्तीपुर, 09 फरवरी (समस्तीपुर डेस्क) ताजपुर में किसान हितों से जुड़ी मांगों को लेकर अखिल भारतीय किसान महासभा के बैनर तले किसानों ने विशाल जुलूस निकालकर अंचल कार्यालय, कृषि कार्यालय और प्रखंड कार्यालय पर बारी-बारी से जोरदार प्रदर्शन किया।

किसान रजिस्ट्री में वंशावली जोड़ने, राजस्व महाअभियान में जमा जमाबंदी पंजी सुधारने, गंडक नहर परियोजना में अधिग्रहित भूमि-मकान का वर्तमान सर्किल रेट का चार गुना मुआवजा देने सहित कई मांगों को लेकर घंटों नारेबाजी हुई।सोमवार को बड़ी संख्या में किसान राजधानी चौक पर जुटे और झंडा-बैनर व तख्तियों के साथ जुलूस निकाला। जुलूस पहले अंचल कार्यालय, फिर कृषि कार्यालय और अंत में प्रखंड कार्यालय पहुंचा, जहां सभा आयोजित की गई। सभा की अध्यक्षता प्रखंड अध्यक्ष ब्रह्मदेव प्रसाद सिंह ने की।

वक्ताओं ने बिजली व बीज विधेयक 2025 वापस लेने, खाद की किल्लत दूर करने, केसीसी लोन माफ करने, सभी फसलों पर एमएसपी देने, चार श्रमकोड व मनरेगा बदलाव वापस लेने की मांग उठाई।बीडीओ रवि भूषण के बुलावे पर पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने 11 सूत्री मांगपत्र सौंपा। नेताओं ने चेतावनी दी कि मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन और तेज होगा।

