गोपालगंज, 27 सितम्बर (निज संवाददाता) जिले के विशंभरपुर थाने के निरंजना गांव निवासी व तीन लाख का इनामी कुख्यात मनीष कुशवाहा को बिहार एसटीएफ व जिले की पुलिस ने सीवान से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अपराधी से पुलिस अभी पूछताछ कर रही है। मनीष पर हत्या,लूट,रंगदारी,बमबारी,पुलिस मुठभेड़ सहित 28 से ऊपर मामलें जिले व अन्य जिलों के थानों में दर्ज हैं। हलाकिं पुलिस पूछताछ के साथ हथियार बरामदगी के लिए उसके ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। पुलिस व एसटीएफ पिछले सात सालों से मनीष कुशवाहा की तलाश कर रही थी। बिहार पुलिस ने उसके ऊपर तीन लाख का इनाम भी घोषित कर रखा था। एसपी अवधेश दीक्षित ने मनीष कुशवाहा की गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि उससे अभी पूछताछ चल रही है। अपराधिक मामलों को भी खंगाला जा रहा है।

मनीष कुशवाहा की गिरफ्तारी की खबर मिलने के बाद व्यवसायियों के अलावा जिले की पुलिस को बड़ी राहत मिली है। विधानसभा चुनाव से पहले यह पुलिस की बड़ी कार्रवाई और सफलता मानी जा रही है। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार गैंगस्टर मनीष कुशवाहा पर हत्या,लूट,रंगदारी,बमबारी,पुलिस पर हमला,पुलिस से मुठभेड़ सहित 28 से अधिक आपराधिक मामलोें में वांछित रहा है। पिछले सात साल से मनीष कुशवाहा पुलिस की नजरों में धूल झोंककर फरार चल रहा था। तत्कालीन एसपी स्वर्ण प्रभात ने 19 मई 23 को उसे टॉप-100 की सूची में शामिल करते हुए उसके घर की मिसाली कुर्की किया था। बुलडोजर से आवासीय मकान को ध्वस्त कराया गया था। हालांकि उसकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी। गैंगस्टर मनीष कुशवाहा दियारा इलाके के लिए आतंक था। उसके पास लूट व स्मगलिंग कर बाहर से मंगाई गई अत्याधुनिक हथियार है,जिसकी तलाश पुलिस कर रही है। आपराधिक मामलों का जिक्र करें तो एक मार्च, 2020 को विशंभरपुर थाना क्षेत्र के खेम मटिहनिया के गुमनिया मोड़ पर निरंजना गांव के मछली व्यवसायी किसान बिंद को कार्बाइन से गोली मारकर हत्या कर दी थी। उसके बाद पुलिस से भी मुठभेड़ कर फरार हो गया था। हलाकिं पुलिस उसके संबंधों पर संरक्षण देने वालों का भी पता लगाने में जुटी है।

