पटना, 16 अक्टूबर (पटना डेस्क) बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर आज का दिन काफी हलचल भरा रहा। राजद नेता और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने राघोपुर सीट से नामांकन दाखिल कर दिया। इसी बीच भोजपुरी स्टार खेसारी लाल यादव की पत्नी के चुनावी मैदान में उतरने की चर्चाएं भी तेज हो गई हैं।
वहीं, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपने प्रत्याशियों की तीसरी सूची भी जारी कर दी है। तीसरी सूची में कुल 18 उम्मीदवारों के नाम शामिल हैं। इससे पहले भाजपा ने दिन में दूसरी सूची में 12 और पहले चरण में 71 उम्मीदवारों के नाम घोषित किए थे।

भाजपा ने राघोपुर से सतीश यादव को टिकट दिया है, जहां से तेजस्वी यादव चुनाव लड़ रहे हैं। यह सीट राजद की परंपरागत मानी जाती है, ऐसे में सतीश यादव की चुनौती अहम मानी जा रही है।
इसके अलावा भाजपा ने पाला बदलने वाले भभुआ के भरत बिंद और मोहनिया की संगीता पासवान को टिकट देकर इनाम दिया है। वहीं पीरपैंती से मौजूदा विधायक ललन पासवान का टिकट काटकर मुरारी पासवान को उम्मीदवार बनाया गया है।
घोषित उम्मीदवारों में दो और महिलाओं को भी टिकट दिया गया है। तीसरी सूची में रामनगर से नंद किशोर राम, नरकटियागंज से संजय पांडेय, बगहा से राम सिंह, कोचाधामन से बीणा देवी और गोह से रणविजय सिंह जैसे नाम शामिल हैं।

