
पटना, 13 फरवरी (पटना डेस्क) सुपौल में गुरुवार देर शाम सड़क पर ऐसा खौफनाक मंजर दिखा, जिसे देखकर हर कोई सन्न रह गया। नेमनमा चौक के पास तेज रफ्तार से आ रही दो बाइकों की आमने-सामने जबरदस्त टक्कर में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग मदद के लिए दौड़ पड़े।

पुलिस के मुताबिक दुर्घटना करीब 1:30 बजे हुई, जब दोनों बाइकें काफी तेज गति में थीं। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को सुपौल सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान एक और युवक ने दम तोड़ दिया। इसके साथ ही मृतकों की संख्या तीन हो गई। दो घायलों की हालत नाजुक बताई जा रही है और उन्हें बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर करने की तैयारी की जा रही है।

अस्पताल सूत्रों के अनुसार सभी युवक 18 से 25 वर्ष के बीच के हैं। जानकारी मिली है कि एक बाइक पर तीन युवक सवार थे और किसी ने हेलमेट नहीं पहना था। मृतकों और घायलों की आधिकारिक पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है। किशनपुर थाना अध्यक्ष ने बताया कि शुरुआती जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और लापरवाही प्रतीत हो रही है। पुलिस ने दोनों बाइकों को जब्त कर शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की विस्तृत जांच जारी है।

