हैदराबाद, 21 सितम्बर (अंकिता राय) तेलंगाना सरकार राज्य में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव प्रक्रिया को 30 सितंबर 2025 से पहले शुरू करने की दिशा में तेजी से कार्य कर रही है। यह कदम उच्च न्यायालय द्वारा निर्धारित समयसीमा के अंतर्गत उठाया जा रहा है ताकि समय पर चुनाव संपन्न हो सकें।

सरकारी सूत्रों के अनुसार, यदि तकनीकी या कानूनी कारणों से प्रक्रिया में देरी होती है, तो सरकार अदालत से समयसीमा बढ़ाने का आग्रह कर सकती है। साथ ही, सरकार ने पिछड़ी जातियों (बीसी) के लिए 42% आरक्षण लागू करने के बाद ही चुनाव कराने का निर्णय लिया है, जिससे न्यायिक अड़चनों से बचा जा सके।
राज्य निर्वाचन आयोग ने ग्राम पंचायतों, मंडल परिषदों और जिला परिषदों के लिए तैयारियाँ तेज कर दी हैं। संबंधित विभागों को बूथ पुनर्गठन, मतदाता सूची अद्यतन और आरक्षण रोटेशन की प्रक्रिया जल्द पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।
गौरतलब है कि पिछली बार पंचायत चुनाव 2019 में हुए थे, जिनकी अवधि जनवरी 2024 में समाप्त हो चुकी है। फिलहाल पंचायतों का संचालन विशेष अधिकारियों के माध्यम से किया जा रहा है।

