
मोतिहारी, 23 फरवरी (मोतिहारी डेस्क) नेपाल में सोमवार तड़के करीब 1:15 बजे एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। पर्यटकीय शहर पोखरा से राजधानी काठमांडू जा रही एक यात्री बस धादिंग जिले के चरौदी चौक के पास चिनाधारा इलाके में त्रिशूली नदी में जा गिरी। अब तक 18 यात्रियों के शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि 25 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बस घुमावदार और जर्जर सड़क पर अनियंत्रित होकर सीधे नदी में समा गई। बताया जा रहा है कि सड़क की मरम्मत का कार्य जारी था और मार्ग बेहद खराब स्थिति में था। धादिंग जिला यातायात कार्यालय के प्रमुख शिशिर थापा ने आशंका जताई है कि बस में मानक से अधिक सवारियां हो सकती हैं। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।हादसा देर रात होने के कारण राहत-बचाव कार्य में मुश्किलें आईं। नेपाल सेना, पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर जुटे हैं। सरकार ने उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं।

पोखरा बस डिपो के अनुसार सूची में 28 यात्रियों के नाम दर्ज थे, जिनमें एक चीनी नागरिक शामिल है। हालांकि आशंका है कि बस में सूची से अधिक लोग सवार थे। इलाके में शोक और दहशत का माहौल है।

