दरभंगा, 19 नवम्बर (दरभंगा डेस्क) दरभंगा के बहादुरपुर थाना क्षेत्र के मिर्जापुर देकुली गांव में सरकारी चापाकल को लेकर चल रहे विवाद ने बुधवार को हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि कथित भूमाफिया गंगा यादव ने दलित बस्ती के लोगों पर हमला किया।

ग्रामीणों के अनुसार, गांव की दलित बस्ती में स्थित सरकारी चापाकल पर गंगा यादव द्वारा अवैध कब्जा कर लिया गया था। पानी की समस्या से परेशान ग्रामीणों ने सोमवार को इस मुद्दे पर बैठक की, जिसमें आरोपी पक्ष शामिल नहीं हुआ। बुधवार को जब ग्रामीण बातचीत के लिए पहुंचे, तभी गंगा यादव अपने 15–20 समर्थकों के साथ वहां पहुंचा और रोड़ेबाजी शुरू कर दी।
आरोप है कि हमलावरों ने पत्थरबाजी के साथ मारपीट की, जबकि कुछ प्रत्यक्षदर्शियों ने फायरिंग की भी पुष्टि की। घटना स्थल से जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं। गुस्साए ग्रामीणों ने हमलावर पक्ष के चार वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया।
घटना के बाद CPI(M) के नेता श्याम भारती मौके पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि दलितों के साथ यह गंभीर अन्याय है और प्रशासन दोषियों पर त्वरित कार्रवाई करे। उन्होंने बताया कि कई ग्रामीणों को पिस्टल के बट से भी मारा गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए बहादुरपुर थाना पुलिस ने आंतरिक बल के साथ क्षेत्र में डेरा डालकर निगरानी बढ़ा दी है। अधिकारी जमीन विवाद, चापाकल कब्जा और हमले की जांच में जुटे हैं।
ग्रामीणों की मांग है कि प्रशासन तुरंत न्याय दिलाए और हमलावरों को गिरफ्तार करे। बीरेंद्र पासवान ने कहा कि सरकारी चापाकल पर कब्जा करने के बाद सुनियोजित तरीके से हमला किया गया, जिससे कई लोग घायल हुए हैं। स्थिति फिलहाल तनावपूर्ण बनी हुई है।

