गोपालगंज, 09 नवम्बर (निज संवाददाता) जिले के बैकुंठपुर विधानसभा क्षेत्र के जलालपुर गांव में शनिवार की देर रात मतदान को लेकर दो पक्षों के बीच वोट विवाद में जमकर मारपीट हो गई। इस दौरान एक महिला समेत तीन लोग घायल हो गए। घायलों में संजय राय,उनकी पत्नी रीना देवी व नारद राय शामिल हैं। सभी को सीएचसी से प्राथमिक इलाज के बाद सदर अस्पताल रेफर किया गया है।घटना को लेकर बीजेपी समर्थकों ने राजद कार्यकर्ताओं पर हमला करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि उन्होंने बीजेपी उम्मीदवार मिथिलेश तिवारी को वोट देने और सोशल मीडिया पर एनडीए समर्थक वीडियो बनाने के कारण उन्हें निशाना बनाया गया।

घायल संजय राय के भाई विजय यादव ने बताया कि उन्होंने मतदान केंद्र पर पोलिंग एजेंट के रूप में काम किया था। जो राजद समर्थकों को नागवार गुजरा। उनके मुताबिक,मैंने मोदी को विकास के नाम पर वोट दिया,जात-पात पर नहीं। इसी बात पर हमें कहा गया कि अहीर होकर बीजेपी को वोट क्यों दिया और हमारे घर पर हमला कर दिया गया।
घायलों के अनुसार, शनिवार सुबह करीब छह बजे छह हमलावर लाठी-डंडा, तलवार और हॉकी स्टिक से लैस होकर उनके घर पर पहुंचे और हमला कर दिया। संजय राय के सिर पर वार किया गया जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने सोने का मंगलसूत्र, मोबाइल और 90 हजार रुपये भी लूट लिए।
घटना की जानकारी मिलते ही डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने पीड़ित संजय यादव के बयान पर छह लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की है।
थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच जारी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। फिलहाल गांव में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।

