नई दिल्ली, 11 अक्तूबर (अशोक “अश्क”) साल 2024 की ब्लॉकबस्टर फिल्म कल्कि 2898 एडी के दूसरे पार्ट को लेकर जबरदस्त चर्चाएं चल रही हैं। खासतौर पर दीपिका पादुकोण की फिल्म से एग्जिट के बाद यह सवाल सबके ज़हन में है कि उनकी जगह अब कौन लेगा। दीपिका ने फिल्म में सुमति की भूमिका निभाई थी, जो कहानी का अहम हिस्सा रही थी।

लेटेस्ट रिपोर्ट्स की मानें तो इस पावरफुल किरदार के लिए अब आलिया भट्ट का नाम सबसे आगे चल रहा है। लेट्स सिनेमा की रिपोर्ट के अनुसार, मेकर्स और आलिया के बीच बातचीत एडवांस स्टेज में पहुंच चुकी है, हालांकि अब तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

अगर आलिया फिल्म का हिस्सा बनती हैं, तो यह उनका प्रभास और निर्देशक नाग अश्विन के साथ पहला प्रोजेक्ट होगा। दीपिका की विदाई पर प्रोडक्शन हाउस ने कहा, “बहुत सोचने के बाद हमने अलग रास्ते चुनने का फैसला किया है। फिल्म को जिस तरह का कमिटमेंट चाहिए था, वह जरूरी था।”
कल्कि 2898 एडी एक साइंस फिक्शन फिल्म थी, जिसमें महाभारत की कथा और भविष्य की कल्पना को जोड़ा गया था। फिल्म में अमिताभ बच्चन, दिशा पाटनी, कमल हासन और शाश्वत चटर्जी जैसे कलाकार नजर आए थे। अब सीक्वल में क्या नया होगा, इस पर सबकी निगाहें टिकी हैं।

