पटना, 09 नवम्बर (पटना डेस्क) बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण का प्रचार रविवार शाम पांच बजे समाप्त हो जाएगा। इस चरण में राज्य के 20 जिलों की 122 सीटों पर 11 नवंबर, मंगलवार को मतदान होगा। अंतिम दौर में सभी राजनीतिक दलों ने पूरी ताकत झोंक दी है और शीर्ष नेताओं ने लगातार जनसभाएं कर मतदाताओं को लुभाने की कोशिश की।

दूसरे चरण में पश्चिम और पूर्वी चंपारण, शिवहर, सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, भागलपुर, बांका, जमुई, नवादा, गया, जहानाबाद, अरवल, औरंगाबाद, रोहतास और कैमूर जिलों में वोटिंग होगी। इन 122 सीटों के लिए कुल 1,302 उम्मीदवार मैदान में हैं। निर्वाचन आयोग के अनुसार, 3.70 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे, जिनमें 1.95 करोड़ पुरुष, 1.74 करोड़ महिलाएं और 943 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं।
कुल 45,399 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 5,326 शहरी और 40,073 ग्रामीण बूथ हैं। इनमें से 595 महिला, 91 दिव्यांग और 316 मॉडल बूथ हैं। सभी मतदान केंद्रों पर वेबकास्टिंग की व्यवस्था की गई है ताकि पारदर्शिता सुनिश्चित हो सके।
दूसरे चरण की 32 सीटों पर मुकाबला एक ही जाति के प्रत्याशियों के बीच है। नरपतगंज, बेलहर, नवादा और बेलागंज में यादव उम्मीदवार आमने-सामने हैं। अररिया, जोकीहाट, बहादुरगंज और अमौर सीटों पर मुस्लिम प्रत्याशी एक-दूसरे को चुनौती दे रहे हैं। इसी तरह 3-3 सीटों पर धानुक, पासवान, राजपूत और मुसहर उम्मीदवारों के बीच टक्कर है, जबकि 2-2 सीटों पर ब्राह्मण, वैश्य और रविदास प्रत्याशी भिड़ रहे हैं। इसके अलावा 1-1 सीट पर पातर, खरवार, संताल, कुशवाहा और भूमिहार जाति के उम्मीदवार आमने-सामने हैं।

