
पटना, 30 दिसम्बर (पटना डेस्क) बिहार की प्रशासनिक व्यवस्था में नए साल से ठीक पहले बड़ा फेरबदल करते हुए राज्य सरकार ने 15 आईएएस अधिकारियों के तबादले और नई जिम्मेदारियों की अधिसूचना जारी कर दी है। इस ट्रांसफर लिस्ट ने प्रशासनिक गलियारों से लेकर राजनीतिक हलकों तक हलचल मचा दी है। सबसे ज्यादा चर्चा निलंबन से लौटे वरिष्ठ आईएएस अधिकारी संजीव हंस की नई पोस्टिंग को लेकर हो रही है।1997 बैच के आईएएस अधिकारी संजीव हंस को राजस्व परिषद का अपर सदस्य बनाया गया है। मनी लॉन्ड्रिंग और इससे पहले सामूहिक दुष्कर्म मामले में नाम आने के बाद उनका निलंबन हुआ था। अब एक बार फिर उन्हें महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपे जाने को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं।

सीनियर मोस्ट आईएएस अधिकारियों में शामिल विजयलक्ष्मी एन को डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग से हटाकर योजना एवं विकास विभाग का अपर मुख्य सचिव नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही उन्हें बिहार राज्य योजना परिषद और आपदा पुनर्वास एवं पुनर्निर्माण सोसाइटी का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है। उल्लेखनीय है कि उनके पति डॉ. एस. सिद्धार्थ भी आईएएस अधिकारी रह चुके हैं।केंद्रीय प्रतिनियुक्ति से लौटे विनय कुमार को नगर विकास एवं आवास विभाग का प्रधान सचिव बनाया गया है। कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था से जुड़े विभागों में भी अहम बदलाव किए गए हैं। नर्मदेश्वर लाल को कृषि विभाग का प्रधान सचिव, पंकज कुमार को ग्रामीण विकास विभाग की जिम्मेदारी दी गई है।

पंकज कुमार सामान्य प्रशासन विभाग में जांच आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार भी संभालेंगे। के. सेंथिल कुमार को गन्ना उद्योग विभाग का प्रधान सचिव बनाया गया है।फील्ड प्रशासन को मजबूत करने के लिए प्रमंडलीय स्तर पर भी बदलाव हुए हैं। प्रेम सिंह मीणा मुंगेर, मनीष कुमार सारण, गिरिवर दयाल सिंह तिरहुत और अवनीश कुमार सिंह भागलपुर प्रमंडल के आयुक्त बनाए गए हैं।खेल विभाग में महेंद्र कुमार को अतिरिक्त प्रभार से मुक्त कर आरिफ अहसन को निदेशक का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। पर्यटन विभाग में निलेश रामचंद्र देवरे को विशेष सचिव और स्वास्थ्य क्षेत्र में अमित कुमार पांडेय को बीएमएसआईसीएल का प्रबंध निदेशक का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।

