
नालन्दा, 01 जनवरी (अविनाश पांडेय) नववर्ष 2026 के मौके पर राजगीर में उमड़ी भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। जिलाधिकारी कुंदन कुमार और पुलिस अधीक्षक भारत सोनी ने संयुक्त रूप से भ्रमण कार्यक्रम के तहत राजगीर रोपवे सहित प्रमुख पर्यटन एवं पिकनिक स्थलों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद रहकर सुरक्षा, विधि-व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन का गहन जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान यातायात व्यवस्था, पार्किंग प्रबंधन, पुलिस बल की तैनाती, सीसीटीवी कैमरों की निगरानी, फर्स्ट एड और आपातकालीन इंतजामों की बारीकी से समीक्षा की गई। डीएम ने संबंधित पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि पर्यटकों की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

भीड़ नियंत्रण के लिए आवश्यकता अनुसार अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया।पुलिस अधीक्षक भारत सोनी ने प्रतिनियुक्त पुलिस पदाधिकारियों और जवानों को पूरी तरह मुस्तैद रहने, असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने और यातायात को सुचारू बनाए रखने का निर्देश दिया। प्रशासन ने आम लोगों से अपील की कि वे जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और शांतिपूर्ण ढंग से नववर्ष का आनंद लें।निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त दीपक कुमार मिश्रा, अनुमंडल पदाधिकारी राजगीर सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

