नई दिल्ली, 20 अक्तूबर (अशोक “अश्क”) पाकिस्तान द्वारा अफगानिस्तान में एयर स्ट्राइक के बाद अफगानिस्तान ने बड़ा फैसला लेते हुए पाकिस्तान के साथ क्रिकेट खेलने से इनकार कर दिया है। दरअसल, इन हमलों में अफगानिस्तान के तीन युवा क्रिकेट खिलाड़ियों की मौत हो गई, जिसके बाद देशभर में गुस्से का माहौल है। इसी के चलते अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने पाकिस्तान के खिलाफ प्रस्तावित ट्राई सीरीज से हटने का निर्णय लिया है। यह सीरीज अगले महीने पाकिस्तान, श्रीलंका और अफगानिस्तान के बीच होनी थी।

अब अफगानिस्तान ने पाकिस्तान के बजाय भारत दौरे की घोषणा की है। अफगानिस्तान की अंडर-19 टीम नवंबर में भारत आएगी और यहां ट्राई सीरीज खेलेगी, जिसकी पुष्टि खुद अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने की है। यह सीरीज 17 नवंबर से शुरू होकर 30 नवंबर तक चलेगी।
भारत में होने वाली इस ट्राई सीरीज में अफगानिस्तान के अलावा इंडिया अंडर-19 ए और इंडिया अंडर-19 बी टीमें भाग लेंगी। सभी मैच बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में खेले जाएंगे।
मैचों का कार्यक्रम इस प्रकार है:
- 17 नवंबर: इंडिया ए बनाम इंडिया बी
- 19 नवंबर: अफगानिस्तान बनाम इंडिया बी
- 21 नवंबर: अफगानिस्तान बनाम इंडिया ए
- 23 नवंबर: इंडिया ए बनाम इंडिया बी
- 25 नवंबर: अफगानिस्तान बनाम इंडिया बी
- 27 नवंबर: अफगानिस्तान बनाम इंडिया ए
- 30 नवंबर: फाइनल (शीर्ष दो टीमों के बीच)
यह सीरीज 2026 की शुरुआत में होने वाले अंडर-19 विश्व कप की तैयारियों के लिहाज से बेहद अहम मानी जा रही है। यह टूर्नामेंट जनवरी-फरवरी 2026 में जिम्बाब्वे और नामीबिया की संयुक्त मेजबानी में खेला जाएगा, जिसमें कुल 16 टीमें भाग लेंगी। चार ग्रुपों में बंटी इन टीमों में से हर ग्रुप से टॉप-3 टीमें सुपर सिक्स चरण में प्रवेश करेंगी।
पाकिस्तान के साथ रिश्तों में तनाव के बाद अफगानिस्तान का यह कदम न सिर्फ राजनीतिक संदेश देता है, बल्कि आने वाले समय में क्रिकेट कूटनीति पर भी असर डाल सकता है।

