समस्तीपुर, 20 अक्तूबर (समस्तीपुर डेस्क) आगामी बिहार विधानसभा चुनाव के मद्देनजर हसनपुर विधानसभा क्षेत्र में मतदाता जागरूकता को लेकर विशेष अभियान चलाया गया। जिले के उत्क्रमित मध्य विद्यालय करही, सालेपुर, अगरौल, भिरार, प्राथमिक विद्यालय मूसेपुर, जहांगीरपुर, उच्च विद्यालय लगमा एवं उत्क्रमित मध्य विद्यालय बेहट में नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को मतदान के लिए प्रेरित किया गया।

यह अभियान जिला निर्वाचन कार्यालय के मीडिया एवं स्वीप कोषांग के मार्गदर्शन में संचालित हुआ, जिसमें सांस्कृतिक संस्था ‘दूर देहात’ के कलाकारों ने गीत, संगीत व नाटक के माध्यम से ग्रामीणों को जागरूक किया। कलाकारों ने मतदान की महत्ता को सरल भाषा और मनोरंजक अंदाज में प्रस्तुत करते हुए 6 नवंबर को अवश्य मतदान करने की अपील की।
कलाकारों की टीम में रामाश्रय दास, प्रह्लाद शर्मा, राज कुमार प्रिंस, विक्रम दास, संतोषी देवी, रिंकू कुमारी, नूतन कुमारी, अवनीश कुमार राय और गौरव शामिल थे। संस्था के सचिव प्रभु नारायण झा ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य मतदान प्रतिशत में वृद्धि कर लोकतंत्र को सशक्त बनाना है।

