नई दिल्ली, 05 नवम्बर (सेंट्रल डेस्क) हरियाणा के पानीपत सिविल अस्पताल में मंगलवार को एक चौंकाने वाली घटना सामने आई, जहां 14 वर्षीय नाबालिग लड़की ने एक बच्चे को जन्म दिया। जानकारी के अनुसार, लड़की को प्रसव पीड़ा होने पर परिजनों ने अस्पताल में भर्ती कराया था।

डॉक्टरों ने जब जांच के दौरान उसके दस्तावेज देखे तो पता चला कि वह केवल 14 वर्ष की है। इसकी सूचना तुरंत इसराना थाना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंचे एएसआई बलवान सिंह ने अस्पताल प्रशासन को सख्त निर्देश दिए कि भर्ती मरीजों की सुरक्षा और निगरानी में कोई लापरवाही न की जाए।
उन्होंने कहा कि यह घटना समाज के लिए गंभीर चिंता का विषय है और पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, लड़की और नवजात दोनों को अस्पताल में चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है।

