समस्तीपुर, 5 सितम्बर (राजेश झा) भारत सरकार की महत्वाकांक्षी योजना इको क्लब मिशन 2.0 के तहत शिवाजीनगर प्रखंड के प्राथमिक विद्यालय पुरन्दाही में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत 80 पौधों का रोपण किया गया। यह अभियान पर्यावरण संरक्षण और मातृत्व के सम्मान की भावना को बढ़ावा देने के लिए आयोजित किया गया।

विद्यालय की नोडल शिक्षक प्रीति गौतम ने इस कार्यक्रम का संचालन करते हुए पर्यावरण सुरक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में प्रधान शिक्षक नीलू कुमारी, शिक्षक विवेकानंद चौधरी, आकांक्षा तिवारी, गोपाल कुमार चौधरी, रसोइया अनीता देवी, रुक्मिणी कुमारी और सफाईकर्मी श्रीदेवी ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई।
सभी प्रतिभागियों ने अपनी-अपनी माताओं के नाम पौधे रोपित कर उनके संरक्षण का संकल्प लिया। बच्चों में भी इस अभियान को लेकर खासा उत्साह देखा गया। नोडल शिक्षक प्रीति गौतम ने बताया कि यह पहल बच्चों में प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी और संवेदनशीलता पैदा करने का प्रयास है। स्थानीय समुदाय ने इस पहल की प्रशंसा करते हुए इसे पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जागरूकता की दिशा में प्रेरणादायक कदम बताया।

