समस्तीपुर, 19 सितम्बर (मोहम्मद जमशेद) जिले के मोरवा प्रखंड क्षेत्र में अपराधियों ने एक बार फिर पुलिस को खुली चुनौती दी है। ताजपुर-चकलालशाही फोरलेन पर एक CSP संचालक से लूट की घटना को अंजाम दिया गया, जिससे इलाके में दहशत फैल गई है। इस फोरलेन का अभी तक आधिकारिक उद्घाटन नहीं हुआ है, लेकिन अपराधियों के लिए यह सेफ जोन बन गया है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, इस सड़क पर दो महीने में 17 बाइक लूट की घटनाएं हो चुकी हैं। अपराधी सोशल मीडिया के नाम पर सड़क पर जुटते हैं और वारदात को अंजाम देते हैं। बारिश के कारण सड़कें टूट चुकी हैं और ताजपुर के मुख्य इंट्री पॉइंट पर बैरिकेडिंग होने से वैकल्पिक मार्ग भी अवरुद्ध हो गया है, जिसका लाभ अपराधी उठा रहे हैं।
हरपुर भिंडी, गुनाई बसही और निकसपुर के कई युवकों की संलिप्तता इन घटनाओं में पाई गई है। पहले डीहिया पुल अपराधियों का अड्डा था, लेकिन अब फोरलेन पर इनका दबदबा बढ़ता जा रहा है।
अब तक की कार्रवाई में पुलिस ने चार बाइक बरामद की हैं और सात अपराधियों को गिरफ्तार किया है। हलई थानाध्यक्ष शैलेश कुमार ने बताया कि संदिग्ध वाहनों की जांच के साथ-साथ स्टंट और रील बनाने वाले युवकों की कड़ी निगरानी की जा रही है। अपराध नियंत्रण के लिए लगातार गश्ती बढ़ाई गई है।

