
बक्सर, 18 जनवरी (विक्रांत) जिले के युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के तत्वाधान में पहली बार राजकीय महिला आईटीआई बक्सर परिसर में 20 जनवरी 2026, मंगलवार को भव्य कैंपस प्लेसमेंट चयन कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इस ऐतिहासिक पहल का उद्देश्य स्थानीय युवाओं और युवतियों को बेहतर और स्थायी रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है।

कैंपस प्लेसमेंट में देश की प्रतिष्ठित औद्योगिक कंपनियाँ फुरुकावा मिंडा इलेक्ट्रिक प्राइवेट लिमिटेड, बावल, रेवाड़ी, हरियाणा तथा श्नाइडर इलेक्ट्रिक इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, बेंगलुरु भाग लेंगी। दोनों कंपनियाँ उत्पादन और तकनीकी क्षेत्र में चयन कर योग्य अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान करेंगी।मैट्रिक या इंटरमीडिएट उत्तीर्ण अभ्यर्थियों के लिए 19 से 26 वर्ष आयु सीमा निर्धारित की गई है, जिन्हें ₹14,045 रुपये प्रतिमाह इन हैंड वेतन मिलेगा। वहीं आईटीआई उत्तीर्ण उम्मीदवारों को ₹14,747 रुपये प्रतिमाह इन हैंड वेतन दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त कंपनी की आवश्यकता अनुसार ओवरटाइम और ओटी बोनस की सुविधा भी उपलब्ध होगी।

गवर्नमेंट आईटीआई बक्सर के प्लेसमेंट प्रभारी नीरज कुमार ने बताया कि यह कैंपस प्लेसमेंट सीधे कंपनियों से जुड़ने का सुनहरा मौका है। राजकीय महिला आईटीआई बक्सर के प्राचार्य मो. मसूद रशीद ने सभी योग्य अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे 20 जनवरी को सुबह 10 बजे आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होकर अवसर का लाभ उठाएँ। यह पहल युवाओं का भविष्य सुरक्षित निश्चित बनाएगी।

