बक्सर, 5 अक्टूबर 2025 (विक्रांत) इंकलाबी नौजवान सभा (RYA) डुमरांव इकाई द्वारा रविवार को महरौरा मोड़ स्थित प्रेरणा स्थल के पास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का पुतला दहन किया गया। कार्यक्रम का संचालन प्रभात कुमार राम ने किया, जबकि अध्यक्षता इंसाफ मंच व RYA नेता बाबूलाल राम ने की।

सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने आरोप लगाया कि राज्य में भ्रष्टाचार चरम पर है और मुख्यमंत्री के “जीरो टॉलरेंस” के दावे खोखले हैं। उन्होंने मांग की कि भ्रष्ट मंत्रियों को कैबिनेट से बर्खास्त किया जाए और जनता का लूटा गया पैसा वापस लाया जाए।
वक्ताओं ने कहा कि बिहार के युवा रोजगार के अभाव में पलायन को मजबूर हैं। सरकार चुनावों में झूठे वादे कर वोट लेती है, लेकिन जब युवा अधिकार मांगते हैं तो उन्हें लाठियों से पीटा जाता है। उन्होंने ALP परीक्षा में अनियमितताओं का भी विरोध किया।
कार्यक्रम में प्रभात कुमार राम, अनिल राय, प्रेमचंद राम, गणेश राम, छठू राम, भुअर राम, अमित कुमार और सुरेश यादव सहित कई युवा नेता मौजूद रहे। सभी ने सरकार के खिलाफ संघर्ष तेज करने का संकल्प लिया।

