बक्सर, 03 दिसंबर (विक्रांत) महिला सुरक्षा को लेकर बक्सर प्रशासन पूरी तरह सक्रिय दिखाई दे रहा है। इसी अभियान के तहत जिला पदाधिकारी डॉ. विद्यानंद सिंह और पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने आज वन स्टॉप सेंटर का संयुक्त निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने सेंटर की कार्यप्रणाली, सुविधाओं और लंबित मामलों की प्रगति की गहन समीक्षा की।

डीएम ने केंद्र प्रशासक को निर्देश दिया कि सभी मामलों का गुणवत्तापूर्ण और त्वरित निष्पादन सुनिश्चित किया जाए तथा पीड़ित महिलाओं को चिकित्सा, कानूनी सहायता, मनोसामाजिक परामर्श और अल्पावास सहित सभी सेवाएँ समय पर उपलब्ध हों। उन्होंने ग्रामीण इलाकों और नगर के प्रमुख चौक-चौराहों पर वन स्टॉप सेंटर की सुविधाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने का भी निर्देश दिया।वहीं एसपी शुभम आर्य ने कहा कि सेंटर और थाना स्तर के अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय और सूचना आदान-प्रदान से महिलाओं के खिलाफ अपराधों पर प्रभावी रोक लगेगी। उन्होंने थानाध्यक्षों के साथ होने वाली बैठकों में नियमित उपस्थिति बनाकर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

वन स्टॉप सेंटर महिलाओं को एक ही छत के नीचे चिकित्सकीय, कानूनी, मनोवैज्ञानिक सहायता और 5 दिनों तक अल्पावास की सुविधा प्रदान करता है। वर्ष 2025–26 में घरेलू हिंसा, दहेज उत्पीड़न, यौन शोषण, बाल विवाह सहित कुल 94 मामले प्राप्त हुए, जिनमें से 81 मामलों का निष्पादन कर दिया गया है।निरीक्षण के दौरान जिला प्रोग्राम पदाधिकारी (ICDS), जिला परियोजना प्रबंधक, जिला मिशन समन्वयक सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

