
नई दिल्ली, 30 जनवरी (सेंट्रल डेस्क) जनवरी का महीना खत्म होते ही फरवरी की दस्तक आम लोगों के लिए कई बड़े बदलाव लेकर आने वाली है। 1 फरवरी 2026 को जहां केंद्र सरकार आम बजट पेश करेगी, वहीं रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े कई अहम नियम भी बदल जाएंगे।

इन बदलावों का सीधा असर आपकी जेब, घरेलू बजट, यात्रा खर्च, टैक्स प्लानिंग और निवेश पर पड़ सकता है। गैस सिलेंडर से लेकर ईंधन, तंबाकू उत्पाद, बैंकिंग और FASTag तक कई क्षेत्रों में बदलाव की संभावना जताई जा रही है।हर महीने की तरह 1 फरवरी को एलपीजी सिलेंडर की नई कीमतें जारी होंगी। 14 किलो घरेलू गैस सिलेंडर के दाम बढ़ेंगे या घटेंगे, इस पर लोगों की नजर टिकी है।

हाल के महीनों में 19 किलो कमर्शियल सिलेंडर की कीमतों में उतार-चढ़ाव देखा गया है। 1 जनवरी को दिल्ली में कमर्शियल सिलेंडर 14.50 रुपये सस्ता होकर 1804 रुपये पर आ गया था।इसी दिन एयर टर्बाइन फ्यूल (ATF) की नई दरें भी घोषित होंगी, जिसका असर सीधे हवाई किराए पर पड़ेगा। जनवरी में ATF की कीमतों में करीब 7 प्रतिशत की कटौती हुई थी।

इसके अलावा सीएनजी और पीएनजी के दामों में भी बदलाव संभव है।तंबाकू और पान मसाला उपभोक्ताओं को झटका लग सकता है। 1 फरवरी से इन उत्पादों पर अतिरिक्त टैक्स और उपकर लगाए जाने की संभावना है, जिससे कीमतें बढ़ेंगी।वहीं FASTag यूजर्स के लिए राहत की खबर है। एनएचएआई ने केवाईसी प्रक्रिया में बदलाव किया है, जिससे टोल सिस्टम और आसान होने की उम्मीद है। कुल मिलाकर फरवरी की शुरुआत आम आदमी के लिए बेहद निर्णायक रहने वाली है।

