समस्तीपुर, 15 अक्तूबर (निज संवाददाता) शिवाजीनगर प्रखंड के बरियाही घाट स्थित करेह नदी किनारे मंगलवार रात 11 हजार वोल्ट का बिजली पोल अचानक गिर गया, जिससे दसौत फीडर क्षेत्र में बिजली आपूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई। इस फीडर से जुड़े रन्ना, दहियार, परसा, घिबाही और दसौत गांव में बुधवार शाम तक करीब 20 घंटे तक बिजली नहीं रही। लंबे समय तक बिजली गुल रहने से स्थानीय लोगों को पेयजल, मोबाइल चार्जिंग, घरेलू कार्य और बच्चों की पढ़ाई जैसे रोजमर्रा के कामों में काफी परेशानी उठानी पड़ी।

इस घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश भी देखा गया। लोगों का कहना है कि नदी किनारे लगे बिजली पोल पहले से जर्जर स्थिति में थे, जिसकी सूचना विभाग को दी गई थी, लेकिन समय रहते मरम्मत नहीं की गई।
विभागीय कनीय अभियंता (जेई) आकाश वर्मा ने बताया कि पोल गिरने से आपूर्ति बाधित हुई थी, जिसे वैकल्पिक फीडर के माध्यम से चालू कर दिया गया है। साथ ही पोल की मरम्मत का कार्य भी तेजी से जारी है। उन्होंने जल्द ही बिजली व्यवस्था को पूरी तरह बहाल करने का आश्वासन दिया।

