पटना (अशोक “अश्क”) टीवी का सबसे चर्चित और विवादित रियलिटी शो बिग बॉस एक बार फिर सुर्खियों में है। सलमान खान होस्टेड बिग बॉस 19 को लेकर दर्शकों के बीच जबरदस्त हाइप देखने को मिल रही है। हर कोई बेसब्री से जानना चाहता है कि इस सीज़न में कौन-कौन कंटेस्टेंट्स होंगे। ऐसे में अब शो को लेकर एक बड़ी अपडेट सामने आई है। सलमान खान ने पहले कंटेस्टेंट की झलक दिखा दी है!

कलर्स टीवी ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो पोस्ट किया है, जिसमें सलमान खान दर्शकों से कहते नजर आ रहे हैं,
“अच्छा, बड़ी जल्दी है जानने की कि कंटेस्टेंट्स कौन होंगे? इतनी जल्दी, इतने सारे लाइंस? चलो एक कंटेस्टेंट को रिवील कर ही देता हूं।”
इसके बाद वीडियो में एक शख्स की झलक दिखाई जाती है, जो शाहरुख खान के “मैं हूं ना” वाले फेमस पोज में नजर आता है। हालांकि, उसका चेहरा वीडियो में साफ नहीं दिखाया गया, जिससे सस्पेंस बना रहे।
वीडियो सामने आने के बाद से ही सोशल मीडिया पर अटकलों का बाजार गर्म है। कई यूजर्स कमेंट सेक्शन में दावा कर रहे हैं कि यह शख्स कोई और नहीं बल्कि अवेज दरबार है। बता दें कि अवेज दरबार का नाम पहले से ही बिग बॉस 19 के संभावित कंटेस्टेंट्स की लिस्ट में चर्चा में रहा है। अब सलमान द्वारा साझा किए गए इस हिंट के बाद फैंस लगभग यह मान चुके हैं कि अवेज ही शो के पहले कन्फर्म कंटेस्टेंट हैं।
बिग बॉस 19 का ग्रैंड प्रीमियर 24 अगस्त, 2025 को होने जा रहा है। यह शो रात 9 बजे से जियो सिनेमा पर स्ट्रीम किया जाएगा और 10:30 बजे से कलर्स टीवी पर प्रसारित होगा।
इस बार बिग बॉस में क्या कुछ नया होगा, कंटेस्टेंट्स के बीच कैसे समीकरण बनेंगे और सलमान खान किस अंदाज में नजर आएंगे, ये देखना दिलचस्प होगा। लेकिन फिलहाल, अवेज दरबार की झलक ने फैंस की एक्साइटमेंट को कई गुना बढ़ा दिया है।
अब देखना होगा कि बाकी कंटेस्टेंट्स के नाम कब सामने आते हैं और क्या इस बार का सीजन दर्शकों की उम्मीदों पर खरा उतरता है या नहीं।

