पटना, 04 नवम्बर (पटना डेस्क) बिहार में पहले चरण के चुनाव प्रचार का आज आखिरी दिन है। शाम 5 बजे 121 सीटों पर चुनाव प्रचार थम जाएगा। प्रचार के अंतिम दिन सियासी दलों के नेताओं की बयानबाजी ने चुनावी माहौल को और भी गरमा दिया है।
किशनगंज की बहादुरगंज विधानसभा सीट से AIMIM प्रत्याशी तौसीफ आलम ने सोमवार को लौचा नया हाट में चुनावी सभा के दौरान विवादित बयान दिया। उन्होंने महागठबंधन की ओर से मुख्यमंत्री पद के दावेदार तेजस्वी यादव को आंख, उंगली और जुबान काटने की धमकी दी। यह बयान AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी को तेजस्वी यादव द्वारा चरमपंथी कहे जाने के जवाब में दिया गया। तौसीफ आलम यहीं नहीं रुके, उन्होंने तेजस्वी को “चारा चोर का बेटा” कहकर भी हमला बोला।

वहीं, लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव ने भी अपने छोटे भाई पर तीखा निशाना साधा। उन्होंने राघोपुर विधानसभा क्षेत्र में जनसभा करते हुए कहा कि “हरा झंडा वाला राजद पार्टी फर्जी है। असली पार्टी जनशक्ति जनता दल (जेजेडी) है।” तेज प्रताप ने दावा किया कि “लालू जी की असली पार्टी यही है, हरा वाला जयचंद के मुट्ठी में है। असली अर्जुन तेजस्वी नहीं, बल्कि राघोपुर का प्रेम कुमार है।”
तेज प्रताप पहले ही ऐलान कर चुके थे कि अगर तेजस्वी उनके क्षेत्र महुआ में सभा करेंगे, तो वे राघोपुर जाकर जवाब देंगे। आज उनकी वही चेतावनी पूरी होती दिखी।

