समस्तीपुर, 20 अक्टूबर (समस्तीपुर डेस्क) बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 की तैयारियों के तहत सोमवार को समाहरणालय परिसर स्थित स्वीप (SVEEP) कोषांग का औचक निरीक्षण जनरल ऑब्जर्वर श्रीमती बी. महेश्वरी ने किया। इस दौरान उन्होंने मतदाता जागरूकता से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी ली और कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान श्रीमती महेश्वरी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मतदाता जागरूकता कार्यक्रमों को अधिक प्रभावशाली और जनसंपर्क आधारित बनाया जाए, ताकि हर मतदाता तक सही संदेश पहुंच सके। उन्होंने कहा, “स्वीप कार्यक्रम लोकतंत्र की आत्मा है, जो नागरिकों को अपने मताधिकार के प्रयोग के लिए प्रेरित करता है।”
जनरल ऑब्जर्वर ने मोरवा विधानसभा क्षेत्र के लिए विशेष निर्देश जारी करते हुए कहा कि वहां से जुड़े सभी स्वीप कार्यक्रमों की दैनिक रिपोर्ट उन्हें नियमित रूप से उपलब्ध कराई जाए। इससे क्षेत्रवार प्रगति की समीक्षा समय पर की जा सकेगी।
निरीक्षण के दौरान उप निर्वाचन पदाधिकारी विनोद कुमार, नोडल पदाधिकारी रजनीश कुमार राय, प्रधान लिपिक बरुण कुमार सिंह, मीडिया कोऑर्डिनेटर सुभीत कुमार सिंह सहित कई अन्य पदाधिकारी और कर्मी उपस्थित थे।
ऑब्जर्वर महोदया ने कोषांग की टीम की टीम भावना और रचनात्मक प्रयासों की सराहना की और कहा कि इन्हीं प्रयासों से मतदाता जागरूकता को जन-आंदोलन का रूप दिया जा सकता है।

