पटना, डेस्क। बिहार दिवस के अवसर पर गांधी मैदान स्थित पर्यटन विभाग का पवेलियन लोगों के बीच खासा आकर्षण का केंद्र बना रहा। पवेलियन पर 900 से अधिक आगंतुकों ने राज्य के विभिन्न पर्यटकीय स्थलों की विस्तृत जानकारी ली और बिहार की समृद्ध सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक विरासत को करीब से जाना।पवेलियन में माता जानकी पुनौराधाम मंदिर (सीतामढ़ी), बुद्ध सम्यक दर्शन स्तूप (वैशाली), बापू टावर (पटना), जू व नेचर सफारी (राजगीर) और ग्लास ब्रिज की थ्री-डी प्रतिकृतियां प्रदर्शित की गई थीं, जिन्हें देखने के लिए आगंतुकों की भीड़ उमड़ती रही। इन प्रतिकृतियों के माध्यम से लोगों को बिहार के प्रमुख पर्यटन स्थलों की झलक देखने को मिली।इसके अलावा पवेलियन में लगाए गए आधुनिक एआर/वीआर डिवाइस ने भी लोगों को खूब आकर्षित किया। 300 से अधिक आगंतुकों ने वर्चुअल माध्यम से राजगीर के स्तूप, नालंदा विश्वविद्यालय और बोधगया सहित कई ऐतिहासिक स्थलों का डिजिटल अनुभव लिया। इस पहल के जरिए लोगों को तकनीक के माध्यम से बिहार की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक धरोहरों से रूबरू कराया गया। उधर पर्यटन विकास निगम की ओर से आयोजित व्यंजन मेले में बिहारी पारंपरिक व्यंजनों की खुशबू लोगों को अपनी ओर खींचती रही। यहां पुआ, खीर, लिट्टी-चोखा, खुरमा, बेलग्रामी, चूड़ा-घुघनी, सिलाव व सुपौल का खाजा, बाढ़ और धनरूआ की लाई, खगड़िया का पेड़ा, सीतामढ़ी का खीर मोहन, मसालेदार सत्तू, जलेबी, पीठा, मूंग कचौरी, बालूशाही, कुल्हड़ चाय, केसरिया कुल्फी, फलूदा ठंडई जैसे व्यंजन आकर्षण का केंद्र रहे। वहीं नॉनवेज स्टॉल में आहूना मटन, बिहारी कबाब और चिकन ताश का स्वाद लेने के लिए लोगों की भीड़ लगी रही। पर्यटन विभाग के इस पवेलियन ने बिहार की पर्यटन संभावनाओं, सांस्कृतिक धरोहर और पारंपरिक खान-पान को एक मंच पर प्रस्तुत कर बिहार दिवस को और भी खास बना दिया।
- Home
- Uncategorized
- बिहार दिवस में पर्यटन विभाग का पवेलियन बना आकर्षण का केंद्र, 900 से अधिक आगंतुकों ने ली पर्यटन स्थलों की जानकारी
Posted in
Uncategorized

