पटना, 25 अक्टूबर (पटना डेस्क) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को बिहारशरीफ के श्रम कल्याण मैदान में आयोजित चुनावी जनसभा में कहा कि बिहार अब औद्योगिक क्रांति के नए दौर में प्रवेश करने वाला है। उन्होंने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और एडवांस्ड टेक्नोलॉजी की रफ्तार से देश एक नए युग में प्रवेश कर रहा है।

अमित शाह ने कहा कि आने वाले समय में भारत की अर्थव्यवस्था दुनिया में तीसरे स्थान पर होगी। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की अर्थव्यवस्था सशक्त हो रही है, वहीं नक्सलवाद और आतंकवाद अब लगभग समाप्त हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि 2025 के विधानसभा चुनावों में नक्सल प्रभावित इलाकों में भी समय पर मतदान संपन्न होगा।
शाह ने विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा, “सोनिया गांधी और लालू यादव दोनों अपने-अपने पुत्रों को गद्दी पर बैठाना चाहते हैं। इन लोगों को बिहार के विकास से कोई सरोकार नहीं।” उन्होंने लालू-राबड़ी शासनकाल को याद करते हुए कहा कि उस दौर में हत्या, लूट और अपहरण की घटनाएं आम थीं, जबकि आज बिहार में कानून व्यवस्था बेहतर हुई है।
उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार ने बिहार के विकास के लिए 10 वर्षों में 18 लाख 15 हजार करोड़ रुपये की सहायता दी है। शाह ने धारा 370 हटाने, अयोध्या में राम मंदिर निर्माण और पुलवामा हमले का बदला जैसे मुद्दों पर भी केंद्र सरकार की उपलब्धियां गिनाईं।
अंत में उन्होंने जनता से अपील की कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और एनडीए के उम्मीदवारों को समर्थन देकर बिहार के विकास की गति बनाए रखें।

