
पटना, 30 दिसम्बर (पटना डेस्क) बिहार में कड़ाके की ठंड ने जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। दिसंबर के आखिरी दिनों के साथ ठंड का प्रकोप और तेज हो गया है, वहीं नए साल की शुरुआत भी लोगों को ठिठुरन और घने कोहरे के बीच करनी पड़ेगी। मौसम विभाग ने राज्य के 29 जिलों में घने कोहरे और शीतलहर को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि 9 जिलों में येलो अलर्ट घोषित किया गया है।

आईएमडी के अनुसार 3 जनवरी तक मौसम में किसी बड़े बदलाव के आसार नहीं हैं और ठंड से फिलहाल राहत मिलना मुश्किल है।पूरे आठ दिनों से बिहार कोहरे की मोटी चादर में लिपटा हुआ है। सुबह से देर रात तक दृश्यता बेहद कम रहने से सड़क और रेल यातायात प्रभावित हो रहा है। पटना, नालंदा, सिवान, गोपालगंज, छपरा, मुजफ्फरपुर, पूर्वी व पश्चिमी चंपारण, सीतामढ़ी और जहानाबाद में विजिबिलिटी 50 मीटर से भी कम रहने की चेतावनी दी गई है।उत्तर बिहार के पश्चिम चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, दरभंगा और मधुबनी में कोल्ड डे की स्थिति बनी हुई है।

दिन में भी धूप नहीं निकलने से तापमान सामान्य से नीचे बना हुआ है। दक्षिण-पश्चिमी बिहार के कैमूर और रोहतास में भी घना कोहरा परेशानी बढ़ा रहा है।सीमांचल के पूर्णिया, अररिया, कटिहार और किशनगंज में तापमान 3 से 4 डिग्री तक गिरने की आशंका है। मौसम विभाग ने 2 और 3 जनवरी को हल्की बारिश की भी संभावना जताई है, जिससे ठंड और ज्यादा तीखी हो सकती है। कुल मिलाकर नए साल पर भी बिहारवासी ठंड के कहर से जूझते नजर आएंगे।

