पटना, 08 नवम्बर (पटना डेस्क) बिहार में मौसम ने करवट ले ली है। उत्तर और पूर्वी जिलों में सुबह-सुबह घना कोहरा और ठंडी हवाओं का असर महसूस किया जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में रात और सुबह के तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ेगी तथा 10 नवंबर के बाद न्यूनतम तापमान में 2 डिग्री की और गिरावट संभव है।

राजधानी पटना में भी हल्की ठंड महसूस होने लगी है। शनिवार को यहां का अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम 17 डिग्री के आसपास रहा। सुबह धुंध के कारण दृश्यता घटी, जबकि दोपहर तक धूप निकल आई। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि उत्तर-पश्चिमी हवाएं बिहार में ठंडक बढ़ा रही हैं।
उत्तर बिहार के जिलों—दरभंगा, मधुबनी, समस्तीपुर और किशनगंज—में कोहरे की दृश्यता 800 मीटर तक घट गई है। वहीं दक्षिण बिहार के गया, औरंगाबाद व नवादा में दिन में हल्की गर्माहट लेकिन रात में ठंडक बढ़ी है।
यह मौसम रबी फसलों की बुवाई के लिए अनुकूल है, हालांकि सुबह के कोहरे में किसानों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। 9 से 11 नवंबर तक मौसम शुष्क रहेगा और तापमान में हल्की गिरावट जारी रहेगी।

