पटना, 18 अक्टूबर (पटना डेस्क) बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से समस्तीपुर जिले के विभिन्न ग्रामीण इलाकों में पुलिस और केंद्रीय बलों की संयुक्त टीमों ने फ्लैग मार्च और छापेमारी अभियान चलाया।

मुफ्फसिल थानाध्यक्ष अजीत प्रसाद सिंह के नेतृत्व में भुसारी, छतौना, सूरतपुर और रामनाथपुर में सीआईएसएफ के साथ फ्लैग मार्च किया गया, वहीं सीआरपीएफ के साथ बेझाडीह, केशोपट्टी और शीतलपट्टी जैसे संवेदनशील इलाकों में भी फ्लैग मार्च कर लोगों में सुरक्षा का भरोसा कायम किया गया।
इसके अलावा, क्षेत्र में छिपे फरार अपराधियों व वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए चिन्हित ठिकानों पर छापेमारी की गई। इस अभियान में सुरक्षा बलों की कई कंपनियों को लगाया गया था।
थानाध्यक्ष अजीत प्रसाद सिंह ने बताया कि चुनाव के दौरान क्षेत्र में भयमुक्त और निष्पक्ष माहौल बनाए रखने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
प्रशासन की यह कार्रवाई स्थानीय जनता में सुरक्षा और विश्वास का माहौल बनाने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।

