
बक्सर, 17 जनवरी (विक्रांत) बिहार कृषि विश्वविद्यालय (बीएयू), सबौर में प्रतिष्ठित के.के. बिड़ला समूह की प्रमुख इकाई मगध शुगर एंड एनर्जी लिमिटेड द्वारा ट्रेनी (केन) पद के लिए भव्य कैंपस भर्ती अभियान का आयोजन किया गया। वर्ष 1932 में स्थापित इस नामचीन औद्योगिक समूह की मौजूदगी ने विश्वविद्यालय परिसर में उत्साह का माहौल बना दिया। भर्ती प्रक्रिया में कुल आठ छात्रों का चयन किया गया, जिनमें दो छात्राएं भी शामिल हैं।

कैंपस प्लेसमेंट कार्यक्रम की अध्यक्षता अधिष्ठाता (कृषि) डॉ. ए. के. साह ने की। विश्वविद्यालय प्रशासन ने बीएयू सबौर को कैंपस भर्ती के लिए चयनित करने पर मगध शुगर एंड एनर्जी लिमिटेड के प्रति आभार जताया। कंपनी की ओर से साक्षात्कार पैनल का नेतृत्व ईवीपी (कॉरपोरेट केन) श्री राजीव शर्मा ने किया। उनके साथ ईवीपी (केन) श्री रविंद्र सिंह, उप महाप्रबंधक श्री प्रेम सिंह एवं सहायक महाप्रबंधक (एचआर) श्री दीपेंद्र सिंह मौजूद रहे।

माननीय कुलपति डॉ. डी. आर. सिंह ने कहा कि ऐसे उद्योग-उन्मुख कार्यक्रम छात्रों की रोजगार-योग्यता बढ़ाने के साथ कृषि-औद्योगिक विकास को मजबूती देते हैं। वहीं डॉ. ए. के. साह ने छात्रों को कॉरपोरेट संस्कृति अपनाने और शुगर, इथेनॉल व नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्रों में भविष्य तलाशने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में उद्योग संवाद सत्र, विश्वविद्यालय परिचय एवं औपचारिक स्वागत की श्रृंखला आयोजित की गई। भर्ती प्रक्रिया में कई शिक्षकों का सक्रिय सहयोग रहा, जबकि संपूर्ण समन्वय का दायित्व प्लेसमेंट सेल प्रभारी डॉ. चंदन कुमार पांडा ने निभाया। चयन के साथ ही कार्यक्रम का सफल समापन हुआ।

