नई दिल्ली, 9 अक्तूबर (अशोक “अश्क”) देश की चर्चित फैशन डिजाइनर महिमा महाजन आज बॉलीवुड और राजनीति की बड़ी हस्तियों की पहली पसंद बन चुकी हैं। दिल्ली के छतरपुर में स्थित अपने डिजाइन स्टूडियो से महिमा महाजन ने फैशन की दुनिया में जो मुकाम हासिल किया है, वह काबिले तारीफ है। लोकल 18 की टीम से खास बातचीत में महिमा ने बताया कि उनके डिजाइन किए हुए आउटफिट्स को कैटरीना कैफ, अनुष्का शर्मा, शिल्पा शेट्टी, भूमि पेडनेकर, नोरा फतेही और तापसी पन्नू जैसी तमाम मशहूर बॉलीवुड हस्तियां पहन चुकी हैं।

महिमा ने हाल ही में एक और उपलब्धि अपने नाम की, जब 8 जून को लखनऊ के सेंट्रम 5-स्टार होटल में समाजवादी पार्टी की सांसद प्रिया सरोज और भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह की सगाई में प्रिया द्वारा पहना गया लहंगा उन्होंने ही डिजाइन किया था। इस खास मौके पर प्रिया का लुक सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ और लोगों ने उनकी पोशाक की काफी सराहना की।
अनुष्का शर्मा द्वारा पहना गया पीले रंग का लहंगा भी महिमा का डिजाइन किया हुआ था, जिसे अनुष्का ने बेहद पसंद किया और तारीफ भी की। वहीं, कैटरीना कैफ ने एक फैमिली फंक्शन में महिमा द्वारा डिजाइन की गई ड्रेस को पहना था। शिल्पा शेट्टी की ग्रीन ड्रेस, भूमि पेडनेकर का पीला लहंगा, और कृति सेनन का सूट महिमा की रचनात्मकता का नतीजा है।
महिमा महाजन के डिजाइनों की एक झलक उनके इंस्टाग्राम प्रोफाइल पर भी देखने को मिलती है, जहां वह इन सभी बॉलीवुड सितारों की तस्वीरें साझा करती रहती हैं। नोरा फतेही के लिए डिज़ाइन की गई साड़ी और तापसी पन्नू की न्यू लुक ड्रेस भी महिमा के हुनर की गवाही देती हैं।
फैशन इंडस्ट्री में तेजी से उभरती महिमा महाजन न केवल सोलिब्रिटीज़ बल्कि आम लोगों के लिए भी ट्रेंडसेटर बन चुकी हैं। उनका काम दिखाता है कि भारतीय फैशन किस तरह परंपरा और आधुनिकता को एक साथ लेकर चलता है।

