समस्तीपुर, 28 सितंबर (राजेश झा) शाहपुर पटोरी अनुमंडल कार्यालय परिसर स्थित भगत सिंह स्मारक पर शनिवार को एआईएसएफ और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के कार्यकर्ताओं ने शहीद-ए-आजम भगत सिंह की 118वीं जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम की अध्यक्षता माकपा अंचल मंत्री अनिमेष कुमार राय ने की।

सभा को संबोधित करते हुए एआईएसएफ लनामिवि संयोजक अविनाश कुमार ने कहा कि भगत सिंह के क्रांतिकारी विचार आज भी युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता, समानता और सामाजिक न्याय की लड़ाई आज भी अधूरी है और वर्तमान सरकार की जनविरोधी नीतियां भगत सिंह के सपनों के भारत के विपरीत दिशा में जा रही हैं।
कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने भगत सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उनके बलिदान को नमन किया। वक्ताओं ने युवाओं से भगत सिंह के विचारों को आत्मसात कर सामाजिक बदलाव के लिए संगठित होने का आह्वान किया।
मौके पर छात्र नेता अभिषेक कुमार, आलोक कुमार, विकास कुमार, रामईश्वर राम, महेंद्र राय, सरोज मुखर्जी सहित कई लोग उपस्थित थे।

