नालंदा, 31 अगस्त (अविनाश पांडेय) भारतीय पुरुष हॉकी टीम के स्टार गोलकीपर कृष्णन बी पाठक ने रविवार को अपने करियर का एक बड़ा मुकाम हासिल किया। उन्होंने 150 अंतरराष्ट्रीय मैच पूरे कर लिए हैं। यह उपलब्धि उन्होंने हीरो मेंस एशिया कप 2025 के भारत बनाम जापान मुकाबले में पाई। इस मौके पर हॉकी इंडिया ने पाठक को बधाई दी और उनके समर्पण को भारतीय हॉकी के लिए प्रेरणादायक बताया।

पंजाब के कपूरथला से आने वाले 28 वर्षीय कृष्णन बी पाठक की हॉकी यात्रा वर्ष 2016 में जूनियर वर्ल्ड कप में स्वर्ण पदक जीतने के साथ शुरू हुई थी। उन्होंने जनवरी 2018 में सीनियर टीम में डेब्यू किया और तब से लेकर आज तक भारत की कई ऐतिहासिक जीतों का हिस्सा रहे हैं जिसमें एशियन चैम्पियंस ट्रॉफी, एशियाई खेलों का स्वर्ण और कॉमनवेल्थ गेम्स का रजत पदक शामिल है।

पाठक को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए कई पुरस्कार मिल चुके हैं, जिनमें दो बार गोलकीपर ऑफ द ईयर अवॉर्ड (2019, 2022) और हाल ही में 2024 में अर्जुन अवॉर्ड शामिल हैं। पीआर श्रीजेश के संन्यास के बाद पाठक भारत के पहले-पसंद गोलकीपर बन गए हैं।

अपने 150वें मैच पर पाठक ने कहा “यह मेरे लिए बेहद गर्व का क्षण है। भारत का 150 बार प्रतिनिधित्व करना मेरे जीवन का सपना रहा है। मैं अपने कोच, टीम और हॉकी इंडिया का आभार प्रकट करता हूं जिन्होंने मुझ पर भरोसा जताया।”
हॉकी इंडिया के अध्यक्ष डॉ. दिलीप तिर्की ने कहा “कृष्णन पाठक ने अपनी मेहनत और प्रतिबद्धता से भारत को कई बड़ी जीत दिलाई हैं। उनकी यह यात्रा हर युवा खिलाड़ी के लिए प्रेरणा है।”
महासचिव भोला नाथ सिंह ने कहा “150 अंतरराष्ट्रीय मैच पूरा करना केवल आंकड़ा नहीं, बल्कि पाठक के योगदान का प्रतीक है। वे भारतीय हॉकी के असली योद्धा हैं।”

