नई दिल्ली, 30 अगस्त (अंकिता राय) मेक्सिको की संसद (सीनेट) में शुक्रवार को एक विधेयक पर बहस के दौरान सत्तारूढ़ और विपक्षी सांसदों के बीच भारी हंगामा हो गया। बहस के दौरान गाली-गलौज और तीखी नोकझोंक के बाद स्थिति इतनी तनावपूर्ण हो गई कि बात हाथापाई तक पहुँच गई। सांसदों ने एक-दूसरे को धक्का दिया और घूंसे तथा थप्पड़ भी चले।

स्थिति बिगड़ने पर सुरक्षा अधिकारियों को हस्तक्षेप करना पड़ा, और अंततः कार्यवाही को स्थगित कर दिया गया। राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, यह घटना देश में बढ़ते राजनीतिक तनाव और असहमति की गहरी तस्वीर पेश करती है। विपक्षी दलों ने सरकार पर आरोप लगाया कि वह लोकतांत्रिक परंपराओं को कमजोर कर रही है, जबकि सत्तारूढ़ पार्टी का कहना है कि विपक्ष केवल अव्यवस्था फैलाने का प्रयास कर रहा है।
इस झगड़े का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिससे पूरे देश में तीव्र आलोचना हो रही है। नागरिकों का कहना है कि यह संसद की गरिमा के लिए एक बड़ा धक्का है और इस तरह की घटनाएँ लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं को कमजोर करती हैं।

