मोतिहारी, 14 सितम्बर (राजेश झा) आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारी को लेकर युवा जेडीयू के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं वर्तमान में राज्य कार्यकारिणी सदस्य दिव्यांशु भारद्वाज ने मोतिहारी विधानसभा क्षेत्र में जन संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया। यह भव्य कार्यक्रम बापू प्रेक्षा गृह, मोतिहारी में आयोजित हुआ। आनंदपुरी बेलवनवा स्थित अपने आवास से सैकड़ों वाहनों के साथ जुलूस निकाला गया, जो मोतिहारी स्टेशन रोड, जानपुल चौक, गांधी चौक, हॉस्पिटल चौक होते हुए राजा बाजार स्थित प्रेक्षा गृह पहुंचा।

कार्यक्रम में मोतिहारी विधानसभा क्षेत्र के गांवों और नगर निगम क्षेत्र से 5000 से अधिक लोगों ने भाग लिया। खराब मौसम के बावजूद भारी जनसमूह की उपस्थिति ने दिव्यांशु भारद्वाज के प्रति जनता के भरोसे और स्नेह को दर्शाया।
सभागार में मौजूद जनता ने दिव्यांशु भारद्वाज से आगामी विधानसभा चुनाव लड़ने की मांग की, जिसे उन्होंने सहर्ष स्वीकार किया। उन्होंने चुनाव मजबूती से लड़ने का ऐलान करते हुए कहा कि वे हमेशा की तरह जनता की सेवा और समर्थन में समर्पित रहेंगे। दिव्यांशु भारद्वाज ने विश्वास दिलाया कि वे जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरेंगे और मोतिहारी को विकास के नए शिखर पर ले जाएंगे।

