
समस्तीपुर, 15 फरवरी (समस्तीपुर डेस्क) ताजपुर–मोतीपुर बाईपास सड़क निर्माण में भारी अनियमितता का आरोप लगाते हुए भाकपा माले ने बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। स्थानीय शिकायतों के बाद पार्टी की तीन सदस्यीय जांच टीम प्रखंड सचिव सुरेंद्र प्रसाद सिंह के नेतृत्व में निर्माण स्थल पर पहुंची और कथित तौर पर चौंकाने वाले तथ्य सामने आए।

जांच के दौरान टीम ने निर्माण स्थल पर उजली और मिलावटी गिट्टी, घटिया बालू तथा निम्न स्तर का NUVOCO INFRACEM सीमेंट उपयोग किए जाने का आरोप लगाया। निर्मित सड़क की मापी में कई जगह मोटाई 4 इंच से भी कम पाई गई। हैरानी की बात यह रही कि स्थल पर निर्माण एजेंसी या प्राक्कलन संबंधी कोई सूचना बोर्ड नहीं मिला। मजदूरों और मेट से पूछताछ करने पर भी स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई।

सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने कहा कि समस्तीपुर से ताजपुर नेशनल हाईवे को जोड़ने वाली मोतीपुर बाईपास अत्यंत महत्वपूर्ण सड़क है, जिसके लिए स्थानीय लोगों ने लंबा संघर्ष किया था। बाजार को जाम मुक्त करने में इसकी अहम भूमिका है।स्थानीय लोगों का दावा है कि घटिया निर्माण के कारण सड़क छह महीने भी नहीं टिकेगी। भाकपा माले ने संबंधित अधिकारियों से उच्चस्तरीय जांच कर दोषी एजेंसी पर एफआईआर दर्ज करने और निर्माण में तत्काल सुधार की मांग की है।

